शराब के नशे में ट्रक चलाना पड़ा महंगा, 3 चालकों पर ₹35,500 का जुर्माना
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह, 24 अगस्त 2026। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए दमोह यातायात पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक श्री आनंद कलादगि (IPS) के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष चेकिंग अभियान के दौरान तीन ट्रक चालकों को शराब का सेवन कर वाहन चलाते पकड़ा गया।
यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक दलबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सघन वाहन चेकिंग के दौरान तीन ट्रकों को रोककर चालकों की जांच की। जांच में शराब का सेवन कर वाहन चलाना पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर प्रकरण तैयार किए गए।
पुलिस द्वारा सभी प्रकरण माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए। मामले में सुनवाई के बाद न्यायालय ने तीनों ट्रक चालकों पर कुल ₹35,500 का अर्थदंड अधिरोपित किया।
इन ट्रक चालकों पर लगा जुर्माना
- ट्रक क्रमांक PB 05 AN 5739 — ₹15,500
- ट्रक क्रमांक MP 09 HH 9437 — ₹10,000
- ट्रक क्रमांक CG 04 QB 3802 — ₹10,000
कुल अर्थदंड — ₹35,500
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस सख्त
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शराब पीकर वाहन चलाना चालक के साथ-साथ सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों के जीवन के लिए भी गंभीर खतरा है। ऐसे मामलों में यातायात पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जाएगी।
दमोह यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 'ड्रिंक एंड ड्राइव' सहित यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चेकिंग और कार्रवाई का अभियान निरंतर जारी रहेगा। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य वाहन चालकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण करना है।