108 एम्बुलेंस सेवा की बड़ी लापरवाही: समय पर नहीं पहुंची मदद, रास्ते में नवजात की मौत; कंपनी को कारण बताओ नोटिस
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह, 28 जुलाई। दमोह जिले में 108 एम्बुलेंस सेवा की गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। पथरिया विकासखंड के ग्राम मिसर पिपरिया की एक प्रसव पीड़िता को समय पर 108 एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। मजबूरी में परिजनों ने निजी वाहन से महिला को अस्पताल ले जाना शुरू किया, लेकिन रास्ते में ही नवजात की मौत हो गई। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 108 एम्बुलेंस सेवा संचालित करने वाली JAES Project (I) Pvt. Ltd. को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. राकेश राय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि एम्बुलेंस सेवा में हुई देरी के कारण यह दुखद घटना हुई। मामले की तत्काल जांच के निर्देश देते हुए कंपनी से निर्धारित समय सीमा में स्पष्टीकरण मांगा गया है।
सीएमएचओ डॉ. राय ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट और कंपनी के जवाब के आधार पर आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिलाओं और गंभीर मरीजों को समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस प्रकार की लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
यह घटना एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। समय पर एम्बुलेंस नहीं मिलने से नवजात की मौत ने स्वास्थ्य व्यवस्था की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। अब सभी की निगाहें इस बात पर हैं कि जांच के बाद दोषियों पर क्या कार्रवाई की जाती है।