दमोह में ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का शिकंजा, एक दिन में 101 वाहनों पर कार्रवाई, ₹51,500 का जुर्माना वसूला
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए दमोह पुलिस ने सख्त अभियान चलाया है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन में जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार 15 जून 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 101 वाहनों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई, जिसमें ₹51,500 का समन शुल्क वसूला गया। अभियान के दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाने, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन संचालन, तीन सवारी बैठाकर वाहन चलाने, बिना नंबर प्लेट के वाहन चलाने, मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग करने, शराब पीकर वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
यातायात थाना, कोतवाली, दमोह देहात सहित जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने सघन जांच अभियान चलाकर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की अपील
दमोह पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट तथा चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें।
पुलिस का मानना है कि यातायात नियमों का पालन कर न केवल अपनी बल्कि अन्य नागरिकों की जान भी सुरक्षित रखी जा सकती है। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान और सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।