दमोह में दो बड़ी कार्रवाई: पटना कुम्हारी के सचिव विजय खंपरिया और सोजना तहसील पटेरा की पटवारी निलंबित


दमोह में दो बड़ी कार्रवाई: पटना कुम्हारी के सचिव विजय खंपरिया और सोजना तहसील पटेरा की पटवारी निलंबित

हिमांशु रैकवार दमोह

 दमोह–जिले में भ्रष्टाचार और शासकीय कार्यों में लापरवाही के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए दो अलग-अलग मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। जिला पंचायत दमोह और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हटा द्वारा जारी आदेशों में एक ग्राम पंचायत सचिव और एक पटवारी को निलंबित किया गया है।
पहले मामले में जनपद पंचायत पटेरा की ग्राम पंचायत पटना कुम्हारी में पदस्थ सचिव विजय खंपरिया पर आवास योजना में अनियमितता और हितग्राही से राशि लेने की शिकायत सामने आई थी। इस संबंध में मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत पटेरा द्वारा जांच कराई गई, जिसमें प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए। जांच रिपोर्ट के आधार पर सचिव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय जनपद पंचायत पटेरा रहेगा और नियमानुसार निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।

दूसरी कार्रवाई में सोजना, तहसील पटेरा में पदस्थ पटवारी प्रिय श्रीवास्तव (पटवारी हल्का नंबर 10) को निलंबित किया गया है। उन पर ई-केवाईसी, NPCI मैपिंग, फार्म रजिस्ट्रेशन, सीमांकन आदि कार्यों में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप लगे थे। तहसीलदार पटेरा की रिपोर्ट के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) हटा ने यह कार्रवाई की। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह कृत्य सिविल सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है और गंभीर कदाचार की श्रेणी में आता है।

प्रशासन ने दोनों मामलों में विभागीय जांच जारी रहने की बात कही है।

लगातार हो रही इन सख्त कार्रवाइयों से साफ संदेश है कि जिले में भ्रष्टाचार और लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Previous Post Next Post