डायल-112 की तत्परता से रुका नाबालिग बालिका का विवाह, बारात आने से पहले पुलिस ने की कार्रवाई
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। जिले के बटियागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुंघस में गुरुवार को डायल-112 की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से 16 वर्षीय बालिका का बाल विवाह रुकवा दिया गया। विवाह की रस्में चल रही थीं और बारात आने वाली थी, तभी पुलिस और महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई।
जानकारी के अनुसार राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल को सूचना मिली थी कि ग्राम घुंघस में एक नाबालिग बालिका का विवाह कराया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना बटियागढ़ में तैनात डायल-112 वाहन एफआरवी-14 को तत्काल मौके के लिए रवाना किया गया।
दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में पदस्थ महिला आरक्षक 327 विभा तिवारी ने तत्परता दिखाते हुए एफआरवी टीम को अलर्ट किया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को भी सूचित किया। इसके बाद डायल-112 स्टाफ आरक्षक 798 सोनू पटेल एवं पायलट धर्मेंद्र राजपूत ग्राम घुंघस पहुंचे।
मौके पर जांच के दौरान पता चला कि शांतिबाई रैकवार पिता हलकाई, उम्र 16 वर्ष निवासी ग्राम घुंघस थाना बटियागढ़ का विवाह परिजन करा रहे थे। पुलिस टीम ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए बाल विवाह रुकवाया। इसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा तैयार किया और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
समय रहते हुई इस कार्रवाई से एक नाबालिग बालिका का बाल विवाह रुक सका। पुलिस एवं महिला बाल विकास विभाग की इस संयुक्त कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना हो रही है।