जनपद सदस्य की काली करतूत: नाबालिग से दुराचार का मामला दर्ज, आरोपी फरार
हिमांशु रैकवार दमोह
5 माह बाद हुआ खुलासा, पेट दर्द पर अस्पताल पहुंची बच्ची जांच में निकली गर्भवती; मगरोन थाना पुलिस ने शुरू की तलाश
दमोह। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में एक जनप्रतिनिधि पर लगे गंभीर आरोप ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। फतेहपुर निवासी जनपद सदस्य कुंदन आदिवासी पर एक नाबालिग बच्ची के साथ दुराचार करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि घटना करीब पांच महीने पहले की है, लेकिन मामला अब सामने आया है।
जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले नाबालिग बच्ची को तेज पेट दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों द्वारा की गई जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि बच्ची गर्भवती है। यह सुनते ही परिवार में हड़कंप मच गया।
डॉक्टरों और परिजनों की पूछताछ के बाद बच्ची ने बताया कि करीब पांच माह पहले आरोपी ने उसके साथ दुराचार किया था। डर और सामाजिक दबाव के कारण वह अब तक चुप रही।
मामला सामने आने के बाद परिजन मगरोन थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद सदस्य कुंदन आदिवासी निवासी फतेहपुर के खिलाफ दुराचार और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। वहीं अस्पताल में नाबालिग का इलाज जारी है और डॉक्टरों की निगरानी में उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है।
घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।