स्वदेशी मेले में दिखेगी स्थानीय रोजगार और पारंपरिक उद्योगों की तस्वीर, 20 नवंबर से तहसील मैदान में होगा भव्य आयोजन
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह जिले में स्थानीय रोजगार, व्यापार और पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान देने के उद्देश्य से स्वदेशी मेला 2026 का आयोजन 20 नवंबर से 1 दिसंबर तक नगर के तहसील मैदान में किया जा रहा है। स्वर्णिम भारत फाउंडेशन एवं स्वदेशी जागरण मंच के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने जा रहे इस मेले का यह तीसरा संस्करण है। मेले में स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक बाजारों, नए उद्यमियों और महिला स्व-सहायता समूहों को अपने उत्पादों एवं हुनर को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा। वहीं, आकर्षक सांस्कृतिक और मनोरंजक प्रस्तुतियां भी आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
मेले की तैयारियों, आयोजन की रूपरेखा और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी साझा करने के लिए बुधवार को मेला परिसर में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इसमें आयोजन से जुड़े पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने मेले की विभिन्न व्यवस्थाओं और उद्देश्यों पर विस्तार से जानकारी दी।
मेला संयोजिका डॉ. मोनिका पालिवाल ने बताया कि स्वदेशी मेले का उद्देश्य केवल भारतीय और स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि स्थानीय प्रतिभाओं, छोटे व्यापारियों और नए उद्यमियों को भी आगे बढ़ने का अवसर देना है। मेले में प्रतिदिन आने वाले लोगों के मनोरंजन और उनकी रुचि को ध्यान में रखते हुए विभिन्न आकर्षक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की गई है। इस वर्ष भी कई नए उद्यमियों और नारीशक्ति को मेले में अपनी प्रतिभा एवं उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर दिया गया है।
मेला समन्वयक डॉ. सोनल राय ने कहा कि जिले में स्वदेशी मेले की शुरुआत एक नई पहल के रूप में हुई थी। स्वदेशी की अवधारणा और आत्मनिर्भर एवं सशक्त भारत के विचार को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू हुआ यह आयोजन आज अपने तीसरे संस्करण तक पहुंच गया है। इसमें कार्यकर्ताओं की निरंतर मेहनत, आमजन का विश्वास और स्थानीय मीडिया का सहयोग महत्वपूर्ण रहा है। प्रत्येक वर्ष मेले का स्वरूप और अधिक व्यापक एवं भव्य होता जा रहा है।
मेला समन्वयक बृजेन्द्र राठौर ने पिछले वर्ष के आयोजन का उल्लेख करते हुए बताया कि स्वदेशी मेले में प्रतिदिन लगभग 10 हजार लोग पहुंचे थे, जबकि सप्ताहांत में यह संख्या 20 हजार से अधिक हो गई थी। इस वर्ष भी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि मेले में आने वाले नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं।
सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक रहेंगी विशेष व्यवस्थाएं
आयोजन समिति के अनुसार मेले में सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। निजी सुरक्षा एजेंसी को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस प्रशासन से आवश्यक सहयोग प्राप्त हुआ है। मेले में पुलिस और स्वास्थ्य सेवाओं की टीम के लिए अलग-अलग स्टॉल निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा स्वच्छता और वाहन पार्किंग के लिए भी कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी, ताकि मेले में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मेले में स्थानीय व्यापारियों के साथ विभिन्न संस्थाओं की सहभागिता भी रहेगी। आयोजकों का कहना है कि यह आयोजन स्थानीय बाजार, पारंपरिक उत्पादों और छोटे उद्यमों को एक मंच प्रदान करने के साथ ही जिले में रोजगार एवं व्यापार की संभावनाओं को बढ़ावा देने का माध्यम बनेगा।
पत्रकार वार्ता के दौरान चंद्रभान पटेल एवं दीपक तिवारी सहित आयोजन से जुड़े अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन वैभय नायक ओर आभार अनिल खरे ने व्यक्त किया।