जन्मदिन पर पार्टी नहीं दी तो दोस्त ने भेजा ₹41,250 का नोटिस,होटल का बिल और इलाज का खर्च भी जोड़ा
दमोह में अनोखा मामला: 23 अगस्त को शाम 7 से 9 बजे तक पार्टी देने का किया था वादा, घंटों इंतजार के बाद भी नहीं पहुंची दावत; अब 7 दिन में रकम देने की मांग
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। दोस्ती में किया गया जन्मदिन की पार्टी का एक वादा अब कानूनी नोटिस तक पहुंच गया है। दमोह में एक युवक ने अपने दोस्त पर जन्मदिन की पार्टी नहीं देने का आरोप लगाते हुए ₹41,250 की क्षतिपूर्ति की मांग की है। अधिवक्ता के माध्यम से भेजे गए नोटिस में पार्टी के लिए किए गए कथित वादे से लेकर होटल में खाने और इलाज में हुए खर्च तक का पूरा हिसाब बताया गया है।
मामला इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि नोटिस में सिर्फ पार्टी का खर्च ही नहीं, बल्कि पार्टी नहीं मिलने के बाद हुए कथित मानसिक और शारीरिक कष्ट तथा इलाज पर खर्च हुई राशि को भी शामिल किया गया है।
पहले वादा, फिर लिखित इकरारनामा
नोटिस के अनुसार विशाल सिंह राजपूत और गोविंद तिवारी के बीच लंबे समय से मित्रता है। विशाल सिंह का जन्मदिन 10 अगस्त 2026 को था। नोटिस में दावा किया गया है कि जन्मदिन के अवसर पर पार्टी देने का मौखिक वादा किया गया था।
इसके बाद कथित तौर पर 19 अगस्त 2026 को गवाहों के सामने लिखित घोषणा/इकरारनामा कराया गया, जिसमें 23 अगस्त को शाम 7 से 9 बजे के बीच पार्टी देने की बात कही गई।
शाम 7 बजे से शुरू हुआ इंतजार, रात 9 बजे तक नहीं आई पार्टी
नोटिस में दावा है कि 23 अगस्त को पार्टी का इंतजार सुबह से ही किया जा रहा था। यहां तक कि दोपहर का खाना भी नहीं खाया गया। शाम होते ही दोस्तों से पार्टी को लेकर चर्चा भी की गई, लेकिन शाम 7 बजे जब पार्टी का समय आया तो कथित तौर पर न पार्टी हुई और न ही फोन का जवाब मिला।
नोटिस के मुताबिक रात 8 बजे दोबारा संपर्क करने की कोशिश की गई और रात 9 बजे तक इंतजार किया गया, लेकिन पार्टी देने वाला दोस्त नहीं आया।
पार्टी के बजाय होटल में ₹1,750 का खाना!
नोटिस में कहा गया है कि पार्टी नहीं मिलने के बाद रात करीब 10 बजे महंगे होटल में मजबूरी में खाना खाना पड़ा, जिस पर ₹1,750 खर्च हुए। इसके बाद तबीयत खराब होने का भी दावा किया गया है।
नोटिस में आगे कहा गया है कि जिला चिकित्सालय दमोह में उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखते हुए जबलपुर जाने की सलाह दी गई। इसके बाद इलाज में ₹39,500 खर्च होने का दावा किया गया है।
कुल ₹41,250 की मांग, ऊपर से ₹2 हजार नोटिस खर्च
नोटिस में होटल के भोजन और कथित इलाज सहित कुल ₹41,250 की क्षतिपूर्ति मांगी गई है। साथ ही कानूनी नोटिस जारी करने में हुए ₹2,000 के खर्च का भुगतान भी अलग से करने को कहा गया है।
संबंधित पक्ष को नोटिस प्राप्त होने के 7 दिन के भीतर राशि का भुगतान करने की मांग की गई है। भुगतान नहीं करने पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
दोस्ती में पार्टी का वादा अब कानूनी लड़ाई तक पहुंचा
यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन सकता है, क्योंकि आमतौर पर जन्मदिन की पार्टी को लेकर दोस्तों के बीच मजाक-मस्ती होती है, लेकिन यहां पार्टी का वादा कानूनी नोटिस और ₹41,250 की मांग तक पहुंच गया।