सरसंघचालक जी के अक्टूबर माह में जबलपुर प्रवास कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु दमोह के युवा कार्यकर्ताओं ने निकाली भव्य डाक कांवड़ यात्रा
हिमांशु रैकवार बुंदेली संवाद
दमोह। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक जी के अक्टूबर माह में जबलपुर में प्रस्तावित प्रवास कार्यक्रम को सफल बनाने के उद्देश्य से दमोह जिले के युवा स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता बंधुओं द्वारा धार्मिक आस्था, सेवा एवं समर्पण की भावना के साथ भव्य डाक कांवड़ यात्रा निकाली गई।
यात्रा का शुभारंभ पवित्र श्री श्री 1008 दद्दा जी खोजाखेड़ी धाम से हुआ। लगभग 100 युवा स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता बंधुओं ने उत्साहपूर्वक यात्रा में सहभागिता की। शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेकर निर्धारित मार्ग से पैदल यात्रा करते हुए देव श्री जागेश्वर नाथ धाम, बांदकपुर पहुंचे।
बांदकपुर पहुंचकर शिवभक्तों द्वारा भगवान श्री जागेश्वर महादेव का विधिवत जलाभिषेक किया गया। इस दौरान पूरा वातावरण हर-हर महादेव एवं ॐ नमः शिवाय के जयघोष से भक्तिमय हो गया।
डाक कांवड़ यात्रा के दौरान दमोह जिले के विभिन्न स्थानों एवं मार्ग में आने वाले गांवों में स्थानीय श्रद्धालुओं और ग्रामीणों द्वारा शिवभक्तों का भव्य स्वागत किया गया। अनेक स्थानों पर पुष्पवर्षा, पेयजल एवं जलपान की व्यवस्था कर श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया गया।
यात्रा में शामिल युवा कार्यकर्ताओं ने पूरे मार्ग में अनुशासन, धार्मिक मर्यादा एवं सामाजिक सद्भाव का विशेष ध्यान रखा। यात्रा के माध्यम से युवाओं में सेवा, समर्पण, संस्कार एवं संगठन के प्रति प्रतिबद्धता की भावना को मजबूत करने का संदेश भी दिया गया।
इस अवसर पर कार्यकर्ताओं ने कहा कि धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को बढ़ावा देना सभी का दायित्व है। डाक कांवड़ यात्रा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन में स्थानीय श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं प्रशासन का सहयोग प्राप्त हुआ।
यात्रा के समापन पर आयोजकों ने मार्ग में विभिन्न स्थानों पर यात्रा का स्वागत करने वाले सभी श्रद्धालुओं, ग्रामीणों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।