शराब पीकर सड़क पर निकले तो जेब पर पड़ा भारी असर: 5 वाहन चालकों पर 55 हजार का जुर्माना
हिमांशु रैकवार दमोह
दमोह। सड़क सुरक्षा को लेकर दमोह यातायात पुलिस लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यातायात पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 मोटर साइकिल चालकों और 1 कार चालक को पकड़कर न्यायालय में पेश किया, जहां सभी पर कुल 55 हजार रुपए का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में यातायात पुलिस द्वारा लगातार वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 17 मई 2026 को थाना प्रभारी यातायात निरीक्षक दलबीर सिंह मार्को ने यातायात स्टाफ के साथ शहर में सघन वाहन चेकिंग की।
चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए 4 बाइक चालकों एवं 1 कार चालक के वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कराया गया। इसके बाद सभी प्रकरणों को 18 मई 2026 को माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
माननीय न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 4 मोटर साइकिल चालकों पर 45 हजार रुपए तथा 1 कार चालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगाया। इस तरह कुल 55 हजार रुपए की कार्रवाई की गई।
यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि शराब पीकर वाहन न चलाएं, क्योंकि यह न केवल आपकी बल्कि अन्य लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है। लगातार की जा रही कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।