दमोह पुलिस की बड़ी कार्रवाई: एक रात में 146 फरार आरोपी गिरफ्तार
जिलेभर में चला कॉम्बिंग ऑपरेशन, एनडीपीएस और आबकारी मामलों पर खास फोकस
हिमांशु रैकवार दमोह। दमोह पुलिस ने जिलेभर में एक साथ बड़ा अभियान चलाते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। 29-30 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात चलाए गए जिला स्तरीय कॉम्बिंग ऑपरेशन में पुलिस ने 146 फरार आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थाना क्षेत्रों में यह विशेष अभियान चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों, खासकर एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम से जुड़े मामलों में वांछित अपराधियों पर फोकस किया गया।
वारंट तामील में भी बड़ी सफलता
अभियान के दौरान पुलिस ने 102 स्थायी वारंट (Permanent Warrant) और 21 गिरफ्तारी वारंट (Arrest Warrant) भी तामील किए। इस व्यापक कार्रवाई में जिले के 17 से अधिक थानों की पुलिस टीमों ने एक साथ समन्वय बनाकर काम किया।
गोपनीय तरीके से चला ऑपरेशन
यह कॉम्बिंग ऑपरेशन पूरी तरह गोपनीय और सुनियोजित तरीके से संचालित किया गया। पुलिस अधीक्षक स्वयं पूरे अभियान की मॉनिटरिंग करते रहे, जिसके चलते कार्रवाई प्रभावी और सफल रही।
अपराधियों में मचा हड़कंप
एक ही रात में इतनी बड़ी संख्या में गिरफ्तारी से अपराधियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, जिससे कानून व्यवस्था और मजबूत हो सके।
एसपी का संदेश
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि “विधि के समक्ष कोई फरार नहीं रह सकता। दमोह पुलिस लगातार ऐसे अभियान चलाती रहेगी, जिससे अपराधियों में कानून का भय बना रहे और आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास बढ़े।”